पटियाला-संगरूर हाईवे पर बड़ा हादसा, भाखड़ा नहर पर बना पुल टूटा; दो ट्रक लटके

पंजाब में सड़कों और पुलों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। हादसे के समय पुल से दो ट्रक गुजर रहे थे, जो पुल टूटने के कारण नहर के ऊपर ही लटक गए। इस दौरान एक ट्रक में आग भी लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

यह हादसा पस्याना गांव के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया है। इसके साथ ही वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है।

फिलहाल दोनों ट्रकों में कितने लोग सवार थे, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अभी तक किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुल टूटने के कारण भाखड़ा नहर का पानी भी पुल के ऊपर से बहने लगा।

जानकारी के मुताबिक, इस पुल का निर्माण साल 2016 में किया गया था। करीब 10 साल बाद पुल के अचानक टूटने से इसकी निर्माण गुणवत्ता और मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले साल भी पुल में कुछ दरारें आई थीं, जिसके बाद NHAI की ओर से इसकी मरम्मत करवाई गई थी।

अब हादसे के बाद पुल की मरम्मत और उसकी मौजूदा स्थिति की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी हैं। हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *