पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अहम घोषणा की है। बोर्ड ने 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की साल 2027 में होने वाली परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं की तारीखें पहले ही निर्धारित की गई हैं, ताकि चुनावी व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों की परीक्षाएं प्रभावित न हों।
जारी शेड्यूल के मुताबिक, तीनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 8 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 8वीं और 12वीं कक्षा की लिखित परीक्षाएं 5 मार्च से शुरू होंगी, जबकि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू होंगी।
बोर्ड ने परीक्षाओं के समाप्त होने की तारीखें भी जारी कर दी हैं। 8वीं कक्षा की लिखित परीक्षाएं 18 मार्च, 10वीं की 20 अप्रैल और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 23 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। 10वीं और 12वीं की लिखित परीक्षाओं में ओपन स्कूल के विद्यार्थी भी शामिल होंगे।
बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे इस समय का सही इस्तेमाल करें और पूरी मेहनत तथा आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू तरीके से करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बोर्ड की ओर से विस्तृत डेटशीट बाद में अलग से जारी की जाएगी। विद्यार्थी परीक्षाओं से जुड़े अपडेट और डेटशीट PSEB की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर देख सकेंगे।
